हथियार की नोक पर महिला से लूट : मायके जाते समय बदमाशों ने छीने जेवर , पीड़िता ने रोते हुए बयां की आपबीती

दतिया : बसई क्षेत्र में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। मायके जा रही एक महिला को सुनसान रास्ते में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने रोक लिया और हथियार दिखाकर उसके जेवरात लूट लिए। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम गोरा, थाना दिनारा निवासी रीना यादव अपने जेठ जानकी प्रसाद यादव के साथ स्प्लेंडर बाइक से 27 फरवरी की शाम करीब पांच बजे मायके ग्राम रेवई जा रही थीं। जैसे ही वे बसई क्षेत्र के अंतर्गत फील्ड फायरिंग एरिया बल्देवपुर–नयाखेड़ा के बीच जंगल वाले रास्ते पर पहुंचीं, सामने से लाल रंग की बाइक पर सवार तीन युवक आ धमके। तीनों ने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।

बदमाशों ने उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया और देखते ही देखते रीना यादव के गले से सोने का मंगलसूत्र, पुतरिया और कानों की झुमकियां झपट लीं। झुमके खींचने से महिला के कानों में चोट भी आई। जब महिला ने विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

घटना से घबराई रीना पहले अपने मायके पहुंचीं और अगले दिन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है और मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

इस वारदात के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सुनसान मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए, विशेषकर त्योहारों के दौरान जब आवाजाही अधिक रहती है। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि बसई और पिछोर के बीच पड़ने वाले इस रास्ते पर पहले भी लूट की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस गश्त में अपेक्षित सख्ती नजर नहीं आती। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए अब इलाके में कड़ी निगरानी और नियमित पेट्रोलिंग की मांग तेज हो गई है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter