Datia News : दतिया। मासूम किशोरों का अपहरण करने वाले गैंग को लेकर भांडेर में दिनभर चर्चाएं होती रहीं। एक बुर्के वाली महिला द्वारा दो बच्चों को अगुवा करने की कोशिश के बाद नगर में लोग दहशत में नजर आए। महिला जिस बालक को खींचकर अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रही थी उसी दौरान साथी किशोर ने हिम्मत से काम लिया और उसके इरादों पर पानी फेर दिया।
नगर के वार्ड 13 में सत्यप्रकाश तलगैया के मकान के पास एक बुर्का पहने महिला द्वारा एक 11 वर्षीय किशोर को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लेकिन इस किशोर के साथ में मौजूद एक अन्य बालक द्वारा उस महिला का प्रयास विफल किए जाने के बाद वह अज्ञात महिला किशोर को छोड़कर मौके से भाग खड़ी हुई। घटना के बाद स्वजन के साथ दोनों किशोर भांडेर थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार प्रशांत यादव पुत्र अरविंद 11 वर्ष निवासी पथर्रानारायण तथा विशाल यादव पुत्र अर्जुन 13 वर्ष निवासी माधोपुरा सिकंदरपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करते हैं। रोज की तरह वे पढ़ने एक कोचिंग में शाम 5 बजे घटनास्थल के रास्ते जा रहे थे। तभी सत्यप्रकाश तलगैया के मकान के पास इन दोनों बालकों को बुर्का पहने एक महिला मिली।
उसने प्रशांत का हाथ पकड़ा और उससे बोली कि घर चलकर नारियल तोड़ दो। लेकिन जब उसने मना किया तो उसने प्रशांत को कई थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद विशाल ने जब उस महिला के हाथ से प्रशांत का हाथ खींचने का प्रयास किया तो उसे भी मुश्किल पड़ गई। इस खींचतान में प्रशांत की शर्ट फट गई।
वहीं विशाल के हाथ में महिला के नाखूनों की खरोंचें भी आ गईं। लेकिन अपना प्रयास विफल होते देख महिला वहां से भाग खड़ी हुई। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने आवेदन ले लिया है।