दतिया । हमेशा वर्दी में नजर आने वाली महिला पुलिस कर्मियों के चेहरे उस समय खिल उठे जब उन्हें महिला दिवस के मौके पर बिना वर्दी मस्ती करने का मौका मिला। महिला पुलिस कर्मियों के सम्मान में यह आयोजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से किया गया था। जिसमें डीएफओ प्रियांशी राठौड खास तौर पर मौजूद रही। इस दौरान महिला थाना प्रभारियों व कर्मचारियों ने कविताएं सुनाई, डांस किया और कई अन्य गेम की प्रतिभागी बनी।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एएसपी कमल मौर्य के प्रयासों से विभाग ने अनोखी पहल करते हुए पुलिस विभाग में पदस्थ महिला कर्मचारियों का सम्मान समारोह पटवारी फार्म हाउस पर आयोजित किया। इस मौके पर विभाग में पदस्थ महिलाएं रंग बिरंगे परिधान में नजर आई। 24 घंटे वर्दी में तैनात रहने वाली महिला पुलिस कर्मचारियों के चेहरे आयोजन में खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीएफओ प्रियांशी सिंह राठौड रही। मंच संचालन चिरुला थाना प्रभारी भूमिका दुबे ने किया। आभार नेहा शर्मा ने व्यक्त किया। महिला दिवस पर कार्यक्रम की रूपरेखा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने तैयार की थी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राठौड ने कहाकि एक महिला शिक्षित होगी तो कई पीढ़ियां शिक्षित होती हुई चली जाएंगी और प्रत्येक महिलाओं को एक दूसरे का साथ देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान गेम, डांस प्रतियोगिता, कविताएं आदि रंगारंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर एसडीओपी दतिया सुमित अग्रवाल, आरआई दतिया रविकांत शर्मा, एसडीओपी भांडेर मोहित यादव, एसआई भूमिका दुबे, एसआई नेहा शर्मा, एस आईं प्रियंका यादव सहित पुलिस विभाग की महिला कर्मचारी मौजूद रही।


