इंदरगढ़ । मलमेल सरकार समाज सेवा समिति द्वारा स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की महिला कर्मचारियों का सम्मान किया गया। इंदरगढ़ स्वास्थ्य विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि टीआई वाईएस तोमर एवं विशेष अतिथि सीएमएचओ दतिया एसएन उदयपुरिया ने कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सब इंस्पेक्टर नंदिनी शर्मा, स्वास्थ्य विभाग से सरोज खरोई, एएनएम नीतू राजावत, एसएनआई रानी रावत, शबनम खान सीएचओ, शोभा श्रीवास्तव को प्रशंसा पत्र एवं गिफ्ट भेंटकर सम्मानित किया।
समिति अध्यक्ष अनूप सिंह जाट ने सभी अतिथियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर सीएमएचओ उदयपुरिया ने कहाकि महिला दिवस पर हमारे स्वास्थ्य कर्मचारियों को सामाजिक संगठन द्वारा जो सम्मानित किया गया वह सराहनीय है। उन्होंने कहाकि जो हम काम करते हैं, वह समाज को अच्छा लगे तभी हमें पता पड़ता है कि हम अपने क्षेत्र में अच्छा काम कर रहे है। टीआई वाईएस तोमर ने कहाकि महिलाएं हर क्षेत्र में हमेशा पुरुषों से आगे रही हैं। महिला दिवस पर समस्त महिला कर्मचारियों को सम्मानित करने में मुझे हर्ष हो रहा है । इस मौके पर सब इंस्पेक्टर विजय शिवहरे, बीएमओ डा. बीएस खरे, रामकुमार शर्मा, सुरेंद्र श्रीवास्तव, राजीव रिछारिया, संजीव शर्मा, श्यामू सरैया आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डा. बघेल द्वारा किया गया।

