“आपने तो जंगल में मंगल कर दिया” — मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जमकर की नरोत्तम मिश्रा की तारीफ़, नवग्रह शक्तिपीठ को बताया अद्भुत धाम

डबरा। नवग्रह शक्ति पीठ में आयोजित प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान रविवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर परिसर “ॐ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने नवग्रह मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि डबरा में निर्मित यह नवग्रह शक्तिपीठ केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और अध्यात्म का एक जीवंत केंद्र बन चुका है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by NAROTAM MISHRRA (@drnarottammisra)

मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनकी वाणी में ज्ञान, संवेदना और संस्कृति की शक्ति है। उनके शब्द समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने भगवान राम के वनवास प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में भी उच्च आदर्शों का सपना देखना ही सच्चे नेतृत्व और चरित्र की पहचान है।

मुख्यमंत्री ने नवग्रह शक्तिपीठ को बताया आध्यात्मिक चेतना का केंद्र : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि डबरा में निर्मित नवग्रह शक्तिपीठ केवल एक मंदिर नहीं बल्कि श्रद्धा, साधना और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत केंद्र है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह स्थल ग्वालियर-चंबल संभाग की पहचान बनेगा और देश-विदेश से श्रद्धालुओं व पर्यटकों को आकर्षित करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शक्तिपीठ लोगों को आंतरिक शांति, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करेगा।

नरोत्तम मिश्रा के प्रयासों की मुख्यमंत्री ने की विशेष सराहना : अपने संबोधन की शुरुआत में ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को “हम सब के वरिष्ठ भाजपा नेता” कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा के निरंतर प्रयासों और दृढ़ संकल्प के कारण ही यह भव्य नवग्रह शक्तिपीठ साकार हो पाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस धार्मिक प्रकल्प से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में पर्यटन और आस्था दोनों का विस्तार होगा। इसी भाव को व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा — “आपने यहां सचमुच जंगल में मंगल कर दिया है।”

इस अवसर पर नरोत्तम मिश्रा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि डबरा के लिए यह क्षण ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संतों का सान्निध्य और इस तरह के विशाल धार्मिक आयोजन पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत कर रहे हैं।

कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से नवग्रह शक्ति पीठ परिसर भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया।

 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter