कारीगर बनकर गया युवक साथी की बाइक ले उड़ा : चोरी के मामले में मिली कारावास की सजा

Datia news : दतिया । कारीगरी का काम करने गया युवक अपने साथी की ही बाइक लेकर चंपत हो गया। जब यह घटना हुई तो बाइक मालिक नींद में था। जिसके बाद उसने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाइक चोरी करने वाले आरोपित को नौ माह के सश्रम कारावास एवं अर्थदंड की सजा मिली है।

सहायक मीडिया सेल प्रभारी एवं पैरवीकर्ता अभियोजन अधिकारी विमल चंदवारिया ने बताया कि गत सात जून 2020 को फरियादी गिरवरसिंह अपने गांव के दिनेश दोहरे पुत्र मनीराम दोहरे को अपनी बाइक क्रमांक एमपी 32 एमई 8720 हीरो एचएफ डीलक्स से ग्राम खिरिया झांसी में अपने रिश्तेदार राधाशरण यादव के यहां कारीगरी का काम करने के लिए छोड़ने गया था।

रात में करीब आठ बजे राधाशरण के बाड़े में बाइक खड़ी कर वह और दिनेश वहीं सो गए। इसी बीच रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उसकी आंख खुली तो देखा कि दिनेश एवं उसकी बाइक दोनों वहां नहीं थे। दिनेश बाइक चुराकर ले गया।

फरियादी ने घटना की रिपोर्ट थाना भांडेर पर दर्ज कराई। भांडेर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। विवेचना पूर्ण होने पर चार्जशीट न्यायालय भांडेर के समक्ष प्रस्तुत की गई।

विचारण के उपरांत पैरवीकर्ता द्वारा प्रस्तुत साक्ष्य, दलीलों से सहमत होकर न्यायालय सुमित शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी भांडेर ने आरोपित दिनेश पुत्र मनीराम दोहरे निवासी ग्राम बेरछ थाना भांडेर को चोरी के मामले में नौ माह का सश्रम कारावास एवं 200 रुपये अर्थदंड की सजा से दंडित किया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter