शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म : 3 साल तक करता रहा शोषण, दतिया मेडिकल कॉलेज के स्टेनोग्राफर पर FIR

ग्वालियर/दतिया | शादी का भरोसा देकर युवती से लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है। आरोप दतिया मेडिकल कॉलेज में स्टेनोग्राफर के पद पर कार्यरत एक युवक पर है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने करीब तीन साल तक शादी का भरोसा दिलाकर उसका शोषण किया। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने कथित तौर पर धमकी दी।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर ग्वालियर महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

मोबाइल पर बातचीत के बाद बढ़ी नजदीकियां : पुलिस शिकायत के मुताबिक, बिजौली थाना क्षेत्र की रहने वाली 29 वर्षीय युवती की वर्ष 2023 में गंगापुर-बिलौआ निवासी मिलन परमार से पहचान हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि 27 मई 2023 को आरोपी उसे गांव के पास एक पहाड़ी पर लेकर गया। वहां शादी करने का भरोसा देकर उसने उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद भी शादी का वादा करते हुए आरोपी उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाता रहा।

नौकरी बदलने के बाद भी मुलाकात का सिलसिला : शिकायत में युवती ने बताया कि आरोपी की नौकरी पहले देवास कोर्ट में थी। वह ग्वालियर आने के दौरान उससे मिलता था और शादी करने की बात कहता था। करीब तीन महीने पहले उसकी नियुक्ति दतिया मेडिकल कॉलेज में स्टेनोग्राफर के पद पर हुई।

पीड़िता के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को भी आरोपी उसके घर पहुंचा और जल्द शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए।

शादी की बात पर कथित तौर पर दी धमकी : युवती ने आरोप लगाया कि 17 जुलाई को जब उसने आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया। साथ ही मामले की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

इसके बाद युवती ने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिवार की ओर से आरोपी से बातचीत कर शादी के लिए समझाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन बात नहीं बनी।

19 अगस्त को दर्ज कराई शिकायत : आखिरकार युवती अपने परिजनों के साथ महिला थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित तथ्यों एवं साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter