दतिया। भारतीय जनता पार्टी के नवीन पदाधिकारियों के सम्मान समारोह में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित और ऊर्जावान कार्यकर्ता हैं। जब युवा पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जनता के बीच काम करते हैं, तो न केवल संगठन मजबूत होता है, बल्कि समाज में उसका विश्वास भी गहराता है।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ग पार्टी की विचारधारा को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान कर रहा है। भाजपा का हर कार्यकर्ता जनता की सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना से कार्य कर रहा है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, अनुशासन और एकजुटता ही भाजपा की पहचान है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाएं, जनता की समस्याओं को सुनें और उनसे सीधा संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि “संगठन की मजबूती केवल पदों से नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण की भावना से आती है।”
नवीन पदाधिकारियों का सम्मान : कार्यक्रम का आयोजन पार्षद अक्कू दुबे द्वारा किया गया, जिसमें जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में नवनियुक्त भाजपा पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामकुमार शर्मा (रामजी), जिला महामंत्री अतुल भूरे चौधरी, जिला महामंत्री संघमित्रा, किशुन भज्जू राय, जिला मंत्री भानु ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष भांडेर प्रदीप किरार और युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह : समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने संगठन के प्रति गहरी निष्ठा और उत्साह को प्रदर्शित किया। सभी पदाधिकारियों ने भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।


