बाइक की टक्कर से युवक की मौत : 4 लोग घायल, घटना में बाइक सवार दंपत्ति भी हुए दुर्घटना का शिकार

Datia News : दतिया । फिजीकल प्रेक्टिस के लिए सड़क किनारे अपने साथियों के साथ दौड़ रहे युवक को बाइक ने रौंद डाला। इस घटना में युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं उसके दो साथी गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे में बाइक सवार दंपत्ति भी घायल बताए जाते हैं। जिनका दतिया जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को भांडेर पंडोखर मार्ग ग्राम तिघराकलां और चंद्रौल के बीच लापरवाह बाइक चालक की टक्कर से सड़क किनारे जा रहे जहार सिंह यादव पुत्र सतीश यादव निवासी चंदरौल की मौत हो गई।

वहीं बाइक सवार सुनील यादव पुत्र रनवीर तथा उसकी पत्नी विनीता निवासी सुनारी को सिर में गंभीर चोट आने पर भांडेर अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार मृतक जाहर सिंह तथा उसके दो साथी मिकेंद्र सिंह यादव व अखिलेश दोहरे निवासीगण चंद्रौल शाम 7 बजे फिजीकल प्रेक्टिस के लिए सड़क किनारे दौड़ रहे थे।

इसी दरम्यान सुनारी निवासी दंपत्ति ग्राम बीसलपुरा से एक त्रयोदशी में शामिल होकर वापिस आ रहे थे। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी एवं मृतक के साथी मिकेंद्र और अखिलेश के अनुसार तेज रफ्तार से आ रही बाइक जाकर सीधे जहार सिंह से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जहार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं बाइक सवार दंपत्ति भी गिरकर घायल हो गए। बताया जाता है कि मृतक दो भाई बहिन थे। जिसमें बहिन की शादी हो चुकी थी और मृतक शासकीय नौकरी के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में जुटा था। मंगलवार को ही जहार रेलवे की ग्रुप बी की परीक्षा देकर लौटा था।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter