मूर्ति विसर्जन के दौरान नदी में डूबा युवक : नशे की हालत में होने से घटित हुआ हादसा

Datia news : दतिया। भांडेर अनुभाग थाना पंडोखर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोजना (खिरिया) में बुधवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान एक युवक संतोष जाटव पुत्र दयाल 30 की पहुज नदी में डूब गया। जिसका देर रात तक पता नहीं चल सका है।

बताया जाता है कि गांव में नवरात्रि में देवी प्रतिमा की स्थापना की गई थी। जिनका विसर्जन गांव से करीब एक किमी दूर बहने वाली पहुज नदी में किया जाना था। जब मूर्ति को ले जाया जा रहा था।

संतोष ने शराब का सेवन कर लिया। अत्यधिक नशे में होने के कारण इसके छोटे भाई राकेश तथा गांव के अन्य लोगों ने नदी पर जाने से मना किया। लेकिन यह नहीं माना और जबरन नदी पर पहुंचकर इसने मूर्ति विसर्जन से पहले नदी के गहरे हिस्से में नहाने के उद्देश्य से छलांग लगा दी। उस वक्त वहां कुछ लोग और भी मौजूद थे।

जब यह पानी में से बाहर नहीं निकला तो लोगों को शंका हुई। ऐसे में इसे तलाशने कुछ लोगों ने भी नदी में छलांग लगाई और इसे आसपास तलाशा। लेकिन कोई पता नहीं चला।

इस घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई। वह भी इसे तलाशती रही। लेकिन रात दस बजे तक पुलिस भी खाली हाथ थी। मृतक शादीशुदा बताया जाता है। इसके एक आठ वर्षीय पुत्र है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!