दतिया | शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित गोविंद नगर में एक 34 वर्षीय युवक का शव उसके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी शुक्रवार को सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन दिन से नहीं दिखा तो घर पहुंचने पर चला पता : पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोहन सिंह (34) पुत्र चतुर सिंह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहन सिंह पिछले दो-तीन दिनों से दिखाई नहीं दे रहा था। जब आसपास के लोग उसके घर पहुंचे तो अंदर उसका शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पारिवारिक तनाव की आशंका, जांच जारी : प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतक मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसका अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता था, जिसके चलते उसकी पत्नी करीब पांच महीने पहले मायके चली गई थी। पुलिस शुरुआती तौर पर पारिवारिक तनाव को घटना का एक संभावित कारण मानकर जांच कर रही है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस जुटी हर पहलू की जांच में : सिविल लाइन थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

