युवा सामाजिक हित के कार्यों में बढ़-चढ़कर लें भाग, भांडेर टीआई लोधी ने मंदिर पर किया पौधारोपण

दतिया। आज जब युवाओं में नशे का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में यहां प्रकृति संरक्षण को लेकर जो रचनात्मकता का प्रयास किया जा रहा है वह अद्भुत और सराहनीय है। युवाओं को नशा, अपराधों से परे रहकर अच्छे कामों में बढ़-चढ़ कर आगे आना चाहिए। इससे न केवल उनकी क्रिएटिविटी बढ़ेगी, साथ ही उसका लाभ भी समाज को मिलेगा। यह विचार थाना प्रभारी भांडेर विजय लोधी ने भांडेर की सोन तलैया पहाड़ी पर स्थित गुफा वाले हनुमान जी मंदिर के पीछे सुजीत सिंह सेंगर तथा शैलेन्द्र सिंह सेंगर एवं अन्य के अथक प्रयासों से विकसित की जा रही वाटिका में अमरूद के पौधों का रोपण करने के दौरान व्यक्त किए।

इस दौरान न केवल उन्होंने हनुमान जी के दर्शन कर पूजा अर्चना भी की। इस मंदिर पर विगत एक वर्ष से अधिक समय से अखंड रामायण का पाठ जारी है और मंगलवार को इसका 480वां क्रम था। इस अवसर पर रमन लिटौरिया, गुणीराम सेंगर, राघव चौहान, राजीव चौहान, दीपक सेंगर, रोहित सेंगर, नीरज छीपा, अक्कू, राजेश गिरी आदि मौजूद रहे।

युवाओं को कर रहे पौध लगाने के लिए प्रेरित

सोन तलैया पहाड़ी को हराभरा करने के लिए संकल्पित सुजीत सिंह सेंगर इन दिनों युवाओं को प्रकृति संरक्षण की तरफ मोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। इन दिनों उन्होंने अपने युवा मित्रों का आह्वान किया है कि वे अपने जन्मदिन पर कम से कम एक पौधा अवश्य रोपित करें। यदि वे अपने संरक्षण में इसे लगा सकते हैं तो अच्छी बात है। यदि ऐसा नहीं है तो पौधा हमें दें। हम उसे न केवल उसे सोन तलैया पहाड़ी क्षेत्र में रोपेंगे साथ ही उसका संरक्षण भी करेंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter