दतिया। शहर के हरदौल मोहल्ला क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक पर कथित तौर पर गोली चला दी गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आठ आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार बड़े फव्वारे के पास ठंडी सड़क क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय राकेश कुशवाहा शनिवार शाम लाला के ताल इलाके में कुछ परिचितों के साथ मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोगों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। बताया जा रहा है कि राकेश विवाद को शांत कराने का प्रयास कर रहा था, तभी उसकी कुछ युवकों से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने देशी कट्टे से फायर कर दिया। गोली राकेश के हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक के बयान दर्ज किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। शिकायत के आधार पर अजय कुशवाह, गणेश कुशवाह, छोटू कुशवाह, शिवा यादव, हर्ष उर्फ लला यादव, किशन कुशवाह, सौरभ उर्फ फकीर खान तथा समीर खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान शिवा यादव निवासी भटियारा मोहल्ला और हर्ष उर्फ लला यादव निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

