ट्रैक्टर ट्रॉली के पीछे छुपकर युवकाें ने बचाई जान : रेत खदान पर फिर चली गोलियां, दो दिन में दूसरी बड़ी घटना

Datia news : दतिया। रेत काे लेकर एक बार फिर नदी क्षेत्र में विवाद हो गया। इस दौरान वहां ट्रैक्टर ट्राली में रेत भर रहे युवकों पर कुछ लोगों ने रंगदारी दिखाते हुए फायरिंग कर दी। युवकों ने किसी तरह छुपकर अपनी जान बचाई।

भांडेर थाना क्षेत्र अंतर्गत पहुज नदी बेरछ घाट पर शनिवार को रेत परिवहन को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने रेत भर रहे दो युवकों पर कट्टे से फायर कर दिया।

गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी और दोनों युवकों ने ट्रैक्टर ट्राली के पीछे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचा ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

लेकिन तब तक आरोपित मौके पर भागने में सफल हो गए। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित युवक प्रद्युम्न यादव पुत्र प्रीतम निवासी ग्राम बेरछ, भांडेर की शिकायत पर आरोपित संगम यादव, रिंकू यादव, प्रिंस यादव, अभिषेक यादव, सुभाष यादव सभी निवासीगण ग्राम बेरछ, अरुण यादव बावरी चिरगांव झांसी, अंकुश दांगी देवरा थाना क्षेत्र सरसई के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

रंगदारी के चक्कर में हुई फायरिंग : इस मामले में एसडीओपी भांडेर पूनमचंद्र यादव ने बताया कि आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्दी ही इनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

घटना की जानकारी देते हुए एसडीओपी पूनमचंद्र ने बताया कि पीड़ित शिकायतकर्ता प्रद्युम्न के अनुसार, वह और उसका साथी रवि बेरछ घाट पर ट्रैक्टर ट्राली में रेत भरकर वहां से जाने की तैयारी में थे।

तभी आरोपितों ने वहां पहुंचकर ट्रैक्टर निकालने को लेकर पैसों (रंगदारी) की मांग की। जिसका विरोध करने पर आरोपितों ने गाली गलौच करते हुए पीड़ित पक्ष की तरफ कट्टे से फायर कर दिए। लेकिन प्रद्युम्न और रवि ने तेजी से ट्रैक्टर ट्राली के पीछे छिपकर किसी प्रकार अपनी जान बचाई।

रायल्टी के विवाद में हो चुकी है हत्या : बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही सरसई थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्तरा घाट पर रेत की रायल्टी विवाद में एक ग्रामीण अजय झा को असमय अपनी जान गंवानी पड़ी थी।

वहीं दो दिन पहले गुरुवार रात लांच थाना क्षेत्र में रेत के ही विवाद में वृद्ध अशोक शर्मा की रेत कंपनी से जुड़े कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। रेत कारोबार में यह खूनी संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter