घर लौट रहे युवकों को अज्ञात वाहन ने रौंदा : हादसे में दो की गई जान, घायलों में बिजली कंपनी कर्मचारी भी शामिल

Datia news : दतिया। सड़क हादसे में जहां एक बाइक सवार युवक की जान चली गई। वहीं एक अन्य दुर्घटना में बिजली कंपनी के कर्मचारी की भी मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना के संबंध में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज किए गए हैं।

ग्वालियर-झांसी हाइवे एनएच 44 पर अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची गोराघाट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पीएम के लिए भेजा। घटना सोमवार देर रात की बताई जाती है।

जानकारी के अनुसार डबरा निवासी मजदूर अरुण सोमवार रात सोनागिर से तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से वापस घर लौट रहा था। तभी सीतापुर के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।

अरुण के फूफा ने बताया कि उसकी नानी का देहांत हो गया था। वो सोनागिर कार्यक्रम में शामिल होने आया था। रात में घर वापस लौटते समय यह हादसा घटित हुआ।

वहीं ग्राम कुदारी निवासी छोटू जाटव, निहाल सिंह अपने साथी नवल सिंह के साथ ग्राम रावतपुरा में बिजली कंपनी का काम कर घर वापस लौट रहे थे। बाइक छोटू चला रहा था। संतुलन बिगड़ने से बाइक सड़क पर फिसलकर गिर पड़ी।

हादसे में तीनों बाइक सवार घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए इंदरगढ़ लाया गया। यहां डाक्टरों ने छोटू को मृत घोषित कर दिया। तीनों बाइक सवार बिजली कंपनी के आउटसोर्स कर्मचारी बताए जाते हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter